2:29 pm Wednesday , 19 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी: हल्की बारिश में ही तालाब बना घंटाघर मार्केट, दुकानदार परेशान, नगर पालिका मौन

उझानी: हल्की बारिश में ही तालाब बना घंटाघर मार्केट, दुकानदार परेशान, नगर पालिका मौन।

ईओ ने जांच का वादा किया था, जेई तक नहीं पहुंचा, कीचड़ और दुर्गंध से कारोबार ठप।

उझानी-बदांयू 19 अगस्त ।

बारिश का एक दौर भी उझानी के घंटाघर मार्केट की असलियत खोल देता है। बुधवार को हुई हल्की बारिश के बाद ही मार्केट की सड़कों पर घुटने तक गंदा पानी और कीचड़ भर गया। नालियों का पानी सड़क पर बह निकला और दुर्गंध इतनी बढ़ गई कि दुकानदारों के लिए दुकानों पर बैठना तक मुश्किल हो गया।

मार्केट में पानी भरने से ग्राहकों का आना-जाना बंद है। बाइक और स्कूटी आधे पानी में डूबी खड़ी हैं। गुप्ता इलेक्ट्रॉनिक वर्क्स और गोयल इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी दुकानों के सामने गंदा पानी जमा है।

दुकानदारों का कहना है कि घंटाघर मार्केट नगर पालिका परिषद की अपनी संपत्ति है। यहां की दुकानें किराए पर दी गई हैं, फिर भी सफाई और जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं है।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि पिछली बार भी जलभराव की शिकायत की गई थी। तब ईओ मनी जी सैनी ने जेई को भेजकर पानी के जमाव का आंकलन कराने का वादा किया था, लेकिन आज तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं आया।
हल्की बारिश में ही नालियों की कीचड़ सड़क पर आ जाती है। ग्राहक आते ही वापस चले जाते हैं। नगर पालिका को हमारी परेशानी से कोई फर्क नहीं पड़ता एक दुकानदार ने कहा।

घंटाघर मार्केट उझानी का सबसे व्यस्त बाजार माना जाता है। यहां रोजाना सैकड़ों लोग खरीदारी के लिए आते हैं। लेकिन नालों की सफाई न होने और जलनिकासी की पुख्ता व्यवस्था न होने से हर बारिश में यही हालात बन जाते हैं।

दुकानदारों ने मांग की है कि नगर पालिका प्रशासन जल्द से जल्द नालों की सफाई और पानी निकासी का स्थायी समाधान करे, वरना बरसात में कारोबार पूरी तरह चौपट हो जाएगा।

फिलहाल ईओ और जेई से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं मिल सका है।

विज्ञापन एक्सप्रेस