4:22 pm Tuesday , 18 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी: पत्नी से कहासुनी के बाद ससुराल पक्ष ने घेरकर की मारपीट, FIR दर्ज

उझानी कोतवाली पुलिस जांच में जुटी।

उझानी-बदांयू 18 अगस्त।

उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव मानकपुर में पत्नी से कहासुनी के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने एक युवक को घेरकर मारपीट कर दी और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में गांव मानकपुर निवासी ओमवीर पुत्र महेशचन्द्र ने बताया कि गांव के ही राजेन्द्र उर्फ झपडू पुत्र नत्थू लाल ने उसकी शादी अपनी ससुराल में कराई थी। आरोप है कि राजेन्द्र अक्सर पति-पत्नी के बीच नाजायज हस्तक्षेप करता था और गाली-गलौज करता था।

पीड़ित के अनुसार कुछ दिन पहले पत्नी से कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद उसका साला पत्नी को अपने साथ ले गया था। इसी बात को लेकर 29 जुलाई को सुबह राजेन्द्र अपने लड़के शनि और पत्नी नन्ही के साथ मिलकर उसे गांव में ही घेर लिया। तहरीर में कहा गया है कि तीनों ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में उसे चोटें आई हैं।

घटना के बाद पीड़ित ने इलाज कराया और कोतवाली पहुंचकर शिकायत दी। प्रभारी निरीक्षक के आदेश पर उपनिरीक्षक रघुराज सिंह को मामले की जांच सौंपी गई है। पुलिस ने प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस