बदायूं: कावड़ मेले में अवैध पार्किंग के नाम पर वसूली, 2 गिरफ्तार, 1250 रुपये और 6 रसीद बुक बरामद।
बदांयू 18 अगस्त।
कछला कावड़ मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं से अवैध पार्किंग के नाम पर वसूली करने वाले दो युवकों को थाना उझानी पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 6 रसीद बुक और 1250 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों पर BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना रविवार 17 अगस्त की दोपहर की है। कोतवाली उझानी के उपनिरीक्षक अविनाश पुण्डीर , कांस्टेबल लक्ष्मण और रविन्द्र सिंह के साथ मेला क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। अस्थायी बैरियर नंबर 02 कार पार्किंग के पास पहुंचे तो निर्माणाधीन बाईपास की तरफ दो लोग मोटरसाइकिल सवारों को डरा-धमकाकर जबरन पार्किंग करा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार मौके पर पहुंचकर देखा तो दो युवक एक व्यक्ति से बहस कर रहे थे और कह रहे थे, “या तो मोटरसाइकिल यहां खड़ी कर पैसे देकर जाओ, नहीं तो चोरी करवा देंगे।” शक होने पर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में एक ने अपना नाम देवेन्द्र पुत्र अनोखेलाल निवासी वार्ड नंबर 07 कछला बताया। तलाशी में उसके पास से जय श्री राधे कृष्णा लिखी एक रसीद बुक, 2 भरी हुई रसीद बुक की कार्बन कॉपी और 700 रुपये मिले।
दूसरे आरोपी ने नाम मिथुन चौहान पुत्र अनिल चौहान निवासी वार्ड 07 कछला बताया। उसके पास से भी एक रसीद बुक, 2 कार्बन कॉपी और 550 रुपये बरामद हुए।
पुलिस ने जब लाइसेंस मांगा तो दोनों नहीं दिखा सके। आरोपियों ने बताया कि उन्हें कछला निवासी रेखा पत्नी नरेश यादव और नरेश यादव पुत्र कल्याण सिंह पूर्व चेयरमैन व मोटे उर्फ उधल ने 500-500 रुपये रोज पर रखा था। निर्देश था कि हर मोटरसाइकिल से रसीद देकर 50 रुपये वसूले जाएं।
उपनिरीक्षक अविनाश पुण्डीर की तहरीर पर दोनों के खिलाफ BNS की धारा 308(2) और 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
मामले की जांच उपनिरीक्षक शिव कुमार मलिक को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि कावड़ मेले में श्रद्धालुओं से किसी भी तरह की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



