उझानी: ईको कार की टक्कर से साइकिल सवार गंभीर, चालक मौके से फरार।
उझानी-बदांयू 17 अगस्त।
बाईपास क्षेत्र में सोमवार शाम एक ईको कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार रौली रोड, रिलायंस पेट्रोल पंप के पास 50 वर्षीय एक व्यक्ति साइकिल से दूध लेकर उझानी आ रहा था। वह सड़क क्रॉस कर रहा था तभी बदायूं की तरफ से तेज रफ्तार आ रही ईको कार ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और काफी देर तक बेहोश रहा। राहगीरों ने ईको कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक गाड़ी लेकर भाग गया।
घटना की सूचना पर 108 एंबुलेंस को फोन किया गया, लेकिन करीब 30 मिनट तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। घायल की हालत बिगड़ती देख राहगीरों ने ई-रिक्शा से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी में भर्ती कराया।
फिलहाल घायल की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार कार चालक की तलाश कर रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



