5:11 pm Monday , 17 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी में बाइक की टक्कर से 60 वर्षीय महिला कांवड़िया की मौत

उझानी में बाइक की टक्कर से 60 वर्षीय महिला कांवड़िया की मौत, परिजनों ने मारपीट का भी लगाया आरोप।

उझानी-बदांयू 17 अगस्त।

कछला गंगा घाट से जल लेकर लौट रही 60 वर्षीय महिला कांवड़िया की रविवार रात बाइक की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने बाइक सवार तीन लोगों पर बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने एक बाइक सवार को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य फरार बताए जा रहे हैं।

यह हादसा उझानी कोतवाली क्षेत्र के कादरचौक रोड पर फतेहपुर और उझानी के बीच हुआ। जानकारी के अनुसार, कादरचौक थाना क्षेत्र के मौसमपुर पट्टी गांव निवासी सुकमा (60) अपनी दो नातिनों और गांव के अन्य कांवड़ियों के साथ कछला गंगा घाट से जल लेने गई थीं। जल लेकर वह पैदल गांव स्थित भगवान शिव के मंदिर में जलाभिषेक के लिए वापस लौट रही थीं।

इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद महिला जमीन पर गिर गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने सुकमा को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका के बेटे ऊदल ने बताया कि उनकी बेटी यानी सुकमा की नातिन ने उन्हें बताया कि हादसे के बाद बाइक सवार तीन लोगों ने उनकी दादी के साथ मारपीट भी की थी। ऊदल के मुताबिक, पुलिस ने एक बाइक सवार को पकड़ लिया है जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए।

प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि बाइक की टक्कर लगने से महिला की मौत हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने बाइक सवार एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आरोपों की जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस