11:05 am Monday , 17 August 2026
BREAKING NEWS

कुंवर गांव थाने में कांवड़ियों के लिए भंडारा, देर शाम एसएसपी अंकिता शर्मा ने पहुंचकर बढ़ाया सेवा भाव

कुंवर गांव थाने में कांवड़ियों के लिए भंडारा, देर शाम एसएसपी अंकिता शर्मा ने पहुंचकर बढ़ाया सेवा भाव

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवर गांव। श्रावण मास के पावन अवसर पर रविवार को कुंवर गांव थाना परिसर में शिवभक्त कांवड़ यात्रियों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने कांवड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रसाद वितरित किया। बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री भंडारे में पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया।

भंडारे में एसपी देहात अभिषेक कुमार और सीओ सिटी राहुल पांडेय मुख्य रूप से मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने स्वयं कांवड़ियों को प्रसाद वितरित किया और उनकी यात्रा को लेकर आवश्यक जानकारी ली। थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत करते हुए उन्हें भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की।

देर शाम करीब 8 बजे एसएसपी अंकिता शर्मा भी कुंवर गांव पहुंचीं। उन्होंने थाना परिसर में चल रहे भंडारे की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और शिवभक्त कांवड़ियों से बातचीत कर उनकी यात्रा के संबंध में जानकारी ली। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने सेवा में जुटे पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन भी किया।

थाना प्रभारी ने बताया कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। यात्रा के दौरान किसी भी कांवड़ यात्री को परेशानी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। पुलिस की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया गया।

वहीं, कुंवर गांव के मुख्य चौराहे पर भी शिवभक्त कांवड़ियों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। यह भंडारा किशनवीर रावत और उनके साथियों की ओर से कराया गया। चौराहे से गुजर रहे कांवड़ यात्रियों को श्रद्धापूर्वक भोजन एवं प्रसाद वितरित किया गया। लोगों ने सेवा भाव से कांवड़ियों का स्वागत करते हुए उनकी सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना की।

नगर में जगह-जगह भंडारे लगाए गए, जहां स्थानीय लोगों ने कांवड़ यात्रियों की सेवा की। थाना परिसर में आयोजित भंडारे के दौरान पुलिसकर्मियों ने व्यवस्थाओं में सहयोग करते हुए कांवड़ यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से प्रसाद वितरित कराया।

इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष पति अरविंद कुमार रावत, लकी गुप्ता, राम शर्मा, यशवीर गौतम सहित क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों की ओर से की गई सेवा से श्रद्धालुओं में भी उत्साह नजर आया।

विज्ञापन एक्सप्रेस