उझानी – पुलिस पिकेट के सामने दर्दनाक हादसा, 18 वर्षीय युवक की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

।
उझानी-बदांयू 16 अगस्त।
उझानी के बाबूजी कल्याण सिंह चौक पर रविवार को हुआ एक हादसा पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर गया। चौक पर लगी पुलिस पिकेट और टेंट में करीब 6 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद एक 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी भीड़ और पुलिस की मौजूदगी में भी किसी को यह पता नहीं चल सका कि हादसा कैसे हुआ।
जानकारी के मुताबिक घटना बाबूजी कल्याण सिंह चौक पर हुई, जहां कांवड़ यात्रा के चलते पुलिस पिकेट लगाई गई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक किसी कांवड़ यात्रा की ट्रैक्टर-ट्राली से गिरकर ट्रॉली की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
लेकिन अफसोस की बात यह रही कि पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों में से किसी ने भी हादसा होते नहीं देखा। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका कि मृतक युवक हाईवे से गुजर रहे किसी अन्य वाहन की चपेट में आया या ट्रैक्टर-ट्राली से गिरा।
घटना के बाद पुलिस इंस्पेक्टर समेत कोई भी अधिकारी इस बारे में कुछ भी कहने को तैयार नहीं है। न तो यह बताया जा रहा है कि मृतक कांवड़िया था या कोई आम राहगीर। पुलिस फिलहाल उसे कांवड़िया मानने से भी इनकार कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल के हालात देखकर लगता है कि युवक कांवड़ यात्रा में शामिल था, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पा रही है।
अब इस पूरे मामले का सच मृतक के परिजनों के आने के बाद ही सामने आ सकेगा। परिजन ही बता पाएंगे कि युवक कहां का रहने वाला था और वह कांवड़ियों के साथ आया था या कांवड़ मेला देखने के लिए निकला था।
सबसे बड़ा सवाल अभी भी यही है कि जब चौक पर पुलिस पिकेट लगी थी और 6 के करीब पुलिसकर्मी मौजूद थे, तो हादसे के वक्त वे कहां थे ? उनकी नजर से यह पूरी घटना कैसे छूट गई ?
फिलहाल पुलिस ने शव को राजकीय मेडिकल लिए भेज दिया है और मामले की जांच की बात कह रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com







