उझानी में ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर युवक की मौत, शिनाख्त न होने से उलझा मामला।
कांवड़िया था या राहगीर, पुलिस ने किया इंकार, आसपास के थानों से संपर्क।
उझानी, बदायूं, 16 अगस्त।
रविवार दोपहर कल्याण सिंह चौक के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर एक ,18 बर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा करीब 2 बजे हुआ। घटना के बाद ट्रॉली में सवार अन्य लोग घायल को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों में चर्चा है कि मृतक कांवड़ यात्रा पर जा रहा था और ट्रॉली से गिरकर हादसे का शिकार हुआ। हालांकि पुलिस ने इस दावे से इंकार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं है कि युवक कांवड़िया था या कोई राहगीर।
जानकारी के अनुसार, युवक अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार के चलते वह अचानक नीचे गिर गया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने से उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। मृतक के पास कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर हाईवे पर लगे हजारों सीसीटीवी कैमरे कहां गए। लोगों का कहना है कि उन कैमरों की फुटेज से साफ हो जाएगा कि युवक कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरा या कोई और वजह थी।
पुलिस का कहना है कि शिनाख्त के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक कौन था और कहां का रहने वाला था। फिलहाल आसपास के थानों और क्षेत्र के लोगों से संपर्क कर शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली और फरार हुए लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com







