7:01 pm Sunday , 16 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी: कछला रोड पर गूंजे ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गोयल परिवार के भंडारे में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब

उझानी: कछला रोड पर गूंजे ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गोयल परिवार के भंडारे में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब।

उझानी-बदांयू 16 अगस्त।

श्रावण की भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम रविवार को उझानी के कछला रोड पर देखने को मिला। यहां रामप्रसाद सुरेशचंद गोयल सर्राफ के शोरूम के सामने वर्षों से चले आ रहे भंडारे में सुबह से देर शाम तक कांवड़ियों का तांता लगा रहा।

समाजसेवी मनीष गोयल और उनके पुत्र सिद्धांत गोयल ने खुद मोर्चा संभाला। गर्म कड़ाहों से निकलती पूड़ी-सब्जी, छोले-चावल, जलजीरा, हलवा, ब्रेड पकौड़ा और गरम-गरम पकोड़ी को उन्होंने अपने हाथों से शिवभक्तों को परोसा। हर थाल के साथ ‘भोले का प्रसाद है’ कहकर दिया गया आशीर्वाद, भक्तों के चेहरे पर संतोष की मुस्कान ले आया।

सेवा को लेकर सिद्धांत गोयल ने कहा,
“साल में एक बार ही ऐसा पुण्य अवसर मिलता है। कांवड़ियों की सेवा से मन को जो सुकून मिलता है, उसे शब्दों में नहीं बताया जा सकता। यही हमारी परंपरा है और इसे हम आगे भी निभाते रहेंगे।

सुबह से शुरू हुआ यह भंडारा देर शाम तक चला। इस दौरान हजारों की संख्या में शिवभक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया और “बम-बम भोले” के जयकारों के साथ अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया। भगवा वस्त्र, गले में रुद्राक्ष और हाथों में कांवड़ लिए श्रद्धालुओं की कतारें दूर तक दिखाई दे रही थीं।

सेवा भाव में डूबे इस आयोजन में सुशील वार्ष्णेय ‘बादशाह’,डाॅ जितेन्द्र सोलंकी,मनोज वार्ष्णेय ‘एमके’, प्रशांत शर्मा, अंकुर वार्ष्णेय, सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और व्यवस्था में सहयोग किया।

भक्ति, सेवा और समर्पण से सजा यह भंडारा एक बार फिर साबित कर गया कि उझानी की गलियों में आज भी आस्था जिंदा है, और सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस