7:01 pm Sunday , 16 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी में शिवमय हुआ माहौल, ‘हर-हर महादेव’ के नारों से गूंजी सड़कें

उझानी में शिवमय हुआ माहौल, ‘हर-हर महादेव’ के नारों से गूंजी सड़कें।

श्रावण माह के तीसरे सोमवार, जलाभिषेक को कांवड़ियों की टोलियां पहुंचीं, गंगा घाट।

उझानी-बदांयू 16 अगस्त।

श्रावण के तीसरे सोमवार को जलाभिषेक करने को बीती रात बरेली मथुरा हाईवे सहित उझानी के बाजारों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। कंधों पर सजी रंग-बिरंगी कांवड़, हाथों में त्रिशूल और गंगाजल लेकर शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। शनिवार रात पूरे क्षेत्र का माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया।

दिन में जहां व्यापारियों ने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया,वहीं रात होते ही तेज डीजे की धुनों पर कांवड़ियों का जोश दोगुना हो गया। भगवा झंडों और ‘बम-बम भोले’ व ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच देर रात तक कांवड़ियों का जत्था उझानी के बाजारों से होकर गुजरता रहा।

किसी की कांवड़ में भोलेनाथ की आकर्षक प्रतिमा विराजमान थी तो कोई कंधे पर विशाल कांवड़ लेकर पैदल चल रहा था। रंग-बिरंगी लाइटों से सजी कांवड़ और सजावटी झांकियां राहगीरों का ध्यान खींच रही थीं। इन्हें देखने के लिए सड़क किनारे स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में जमा हुए।

स्थानीय दुकानदारों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने जगह-जगह कांवड़ियों के लिए शरबत, दूध ,चाय, फल और विश्राम की व्यवस्था की। पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है।

शिवभक्तों का कहना है कि वे गंगाजल से भोलेनाथ का जलाभिषेक कर मनोकामना पूरी करेंगे। उझानी से गुजरने वाली कांवड़ यात्रा में अब हर तरफ सिर्फ आस्था और भक्ति का रंग ही दिखाई दे रहा है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस