उझानी में तिरंगे के रंगों से सराबोर रहा एस्सेल ओडियन पब्लिक स्कूल, नन्हे बच्चों ने देशभक्ति की प्रस्तुति से बांधा समां। 


उझानी बदांयू 15 अगस्त।
देश की 80वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को एस्सेल ओडियन पब्लिक स्कूल एवं एस्सेल किड्ज़ में देशभक्ति, उमंग और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यातायात डायवर्जन के चलते भले ही बच्चों की संख्या कम रही, लेकिन मौजूद नन्हे विद्यार्थियों के जोश ने पूरे परिसर को तिरंगे के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंध निदेशक सुधांशु गुप्ता ने स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा।
प्रधानाचार्य विमल सिंह ने प्रबंध निदेशक का बैज लगाकर स्वागत किया। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल, भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
समारोह का संचालन रुद्र प्रताप सिंह और मानवी कश्यप ने किया। संयोजन पूजा यादव, प्रियंका साहू और रितिका शर्मा ने किया।
एलकेजी बालक वर्ग के रिदम, फराज़, अंश ठाकुर, आर्यन कश्यप और दानियाल ने गीत “तिरंगा” पर प्रस्तुति देकर तालियां बटोरीं। एलकेजी बालिका वर्ग की मिशिका, हानिया, हर्षी, अन्वी, तेजस्वी सहित 10 छात्राओं ने “सारे जहां से अच्छा” और “फिर भी दिल है हिंदुस्तानी” के मैशअप पर जोशीला नृत्य किया।
प्ले ग्रुप के निधि, अनुष्का, मिफरा, मितांश, अयांश सहित बच्चों ने “हम छोटे-छोटे बच्चे हैं” पर मासूम प्रस्तुति दी। इसके अलावा अंशिका, कैरव, कृष्णा, तान्या, प्रयाग, मानवी, आदित्य समेत दर्जनों बच्चों ने गीत, भाषण और नृत्य से सबका मन मोह लिया।
रंग-बिरंगी वेशभूषा में आए बच्चों की तैयारी में अभिभावकों की मेहनत भी साफ झलकी। विद्यालय परिवार ने अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार जताया।
प्रबंध निदेशक सुधांशु गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सिर्फ जश्न का दिन नहीं, बल्कि उन वीर शहीदों के बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने बच्चों से शिक्षा, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा को जीवन का मूलमंत्र बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में पूरा परिसर एक बार फिर देशभक्ति के गीतों और तिरंगे की छटा से सराबोर हो गया। कम संख्या के बावजूद बच्चों ने यह साबित कर दिया कि देशप्रेम संख्या नहीं, भावना का विषय है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com






