बिल्सी। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर गौशाला सरस्वती विद्या मंदिर में देशभक्ति, संस्कार और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर संघ चालक डॉ. उमेंद्र कुमार गुप्ता ने विद्यालय में पहुंचकर ध्वजारोहण किया और बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा उन्हें प्रसाद वितरित किया।
डॉ. उमेंद्र कुमार गुप्ता ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि 15 अगस्त केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिनके संघर्ष के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के प्रति समर्पण, अनुशासन, संस्कार और जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विद्यालय परिसर में बच्चों के बीच उत्साह और उमंग का वातावरण रहा। बच्चों ने भी देशभक्ति की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया। प्रसाद वितरण के दौरान सभी के चेहरों पर प्रसन्नता दिखाई दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, प्रबंधक, अध्यक्ष लोकेश वार्ष्णेय श्री नरेंद्र मोहन गरलजी, श्री सुबोधशर्मा जी, श्री राजीव मिश्रा जी, श्री दीपक चौहान जी, श्री अशोक मिश्रा जी नगर प्रचारक सर्वेंद्र जी जिला संपर्क प्रमुख श्री राजीव जी सहित विद्यालय परिवार के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने बच्चों में राष्ट्रप्रेम, संस्कार और देश के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया। विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com






