संतोष कुमारी सरस्वती विद्या मंदिर कालेज में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस।
मेधावियों को केन्द्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने किया सम्मानित।
उझानी-बदांयू 15 अगस्त।
संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, उझानी में शनिवार को 80वाँ स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति की भावना और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री, भारत सरकार, माननीय बी.एल. वर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन से हुआ। इस अवसर पर विद्यालय अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, प्रबंधक रतन जिंदल, डॉ. आलोक गुप्ता, कमलेश वार्ष्णेय, भाजपा नगर अध्यक्ष सचिन अग्रवाल और राहुल शंखधार भी उपस्थित रहे।
मंचासीन अतिथियों का परिचय उपप्रधानाचार्य शैलेन्द्र जी ने कराया। प्रधानाचार्य योगेश कुमार पाठक ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि देश की आजादी के लिए शहीदों ने जो बलिदान दिया उसे हमें कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने छात्रों से उनके आदर्शों पर चलने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़कर राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का आह्वान किया। मंत्री ने उझानी नगर और विद्यालय से अपने पुराने लगाव का भी जिक्र किया।
कार्यक्रम में छात्रों ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों से माहौल को देशमय कर दिया। ‘सैनिक’ नाटक, शिव तांडव नृत्य, सामूहिक गीत ‘कंधों से मिलते हैं कंधे’ और अभिनय गीत ‘हे भारत के राम जागो’ की प्रस्तुति को खूब सराहा गया। जागृति सिंह ने अंग्रेजी में और तृप्ति सिंह ने हिंदी में ओजस्वी भाषण दिए।
विद्यालय अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने बोध कथा के माध्यम से छात्रों को वास्तविक देशसेवा और संस्कारों का महत्व समझाया। प्रधानाचार्य योगेश कुमार पाठक ने अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का संचालन राम कुमार जी ने किया। अंत में प्रबंधक रतन जिंदल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, नगर के गणमान्य लोग और विद्यालय परिवार मौजूद रहा।
राजेश वार्ष्णेय एमके।





bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com






