6:30 pm Friday , 14 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी में हरियाली तीज पर देवनागरी इंटर कॉलेज में मेहंदी प्रतियोगिता

उझानी में हरियाली तीज पर देवनागरी इंटर कॉलेज में मेहंदी प्रतियोगिता, छात्राओं ने दिखाए कलात्मक हाथ।

उझानी-बदांयू 14 अगस्त।

हरियाली तीज के अवसर पर शुक्रवार को देवनागरी इंटर कॉलेज, उझानी में छात्राओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला से परिसर को रंगीन बना दिया।

प्रतियोगिता में छात्राओं ने पारंपरिक बेल-बूटे, मोर, फूल-पत्ती और तीज थीम पर आधारित डिजाइन बनाए। एक से बढ़कर एक डिजाइन देखकर निर्णायक मंडल भी देर तक सोच में पड़ गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं की अहम भूमिका रही। साक्षी चतुर्वेदी, दिशा तोमर, श्रेया, रचना राठौर और दुर्गा मैडम ने पूरे आयोजन का संचालन किया। उन्होंने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें समय-समय पर मार्गदर्शन भी दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य आर. एम. शर्मा ने प्रतियोगिता का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसी सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें अपनी संस्कृति के प्रति लगाव भी बढ़ाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं और आगे भी इसी तरह के आयोजन कराने की बात कही।

कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट मेहंदी बनाने वाली छात्राओं को सम्मानित करने की घोषणा की गई। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगी शिक्षिकाओं का आभार जताया।

प्रतियोगिता के दौरान पूरे स्कूल में तीज का माहौल देखने को मिला। छात्राएं हरे परिधानों में पहुंचीं और झूले व लोकगीतों का भी आनंद लिया।

विज्ञापन एक्सप्रेस