उझानी: मदरशील मेमोरियल अकादमी में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां।
*उझानी, बदांयू 13 अगस्त।
मदरशील मेमोरियल अकादमी विद्यालय परिसर में बुधवार को “उत्सव-ए-आज़ादी” के अंतर्गत 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े हर्ष और देशभक्ति के साथ मनाया गया। पूरे विद्यालय का माहौल तिरंगे के रंगों और देशभक्ति के नारों से सराबोर रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और नृत्य के माध्यम से एकता, वीरता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। “देश रंगीला” और “दिल है हिंदुस्तानी” जैसी प्रस्तुतियों पर बच्चों के जोशीले प्रदर्शन को देखकर पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा।
छोटी कक्षाओं के बच्चों ने “भोले बाबा का डमरू वाला” गीत पर मासूमियत भरी प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। उनके आत्मविश्वास और उत्साह ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या रेनू थरेजा ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए हमें एक जिम्मेदार नागरिक बनकर देश की सेवा के लिए तत्पर रहना चाहिए।
विद्यालय के डायरेक्टर भारत थरेजा ने बच्चों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि अनुशासन, एकता और राष्ट्रप्रेम के साथ आगे बढ़कर ही देश का भविष्य उज्ज्वल बन सकता है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिकाओं नंदनी अग्रवाल और मुस्कान गुप्ता ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकों और स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
समारोह के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों से पूरा परिसर गूंजता रहा। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि “उत्सव-ए-आज़ादी” का उद्देश्य नई पीढ़ी में देशप्रेम, साहस और कर्तव्य की भावना जागृत करना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्रगान गाकर समारोह का समापन किया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com

