उझानी: कांवड़ ड्यूटी में लापरवाही भारी पड़ी, कछला चौकी इंचार्ज सस्पेंड।
उझानी-बदांयू 12 अगस्त।
कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार रात बरेली-मथुरा हाईवे पर लगे भीषण जाम ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। जाम में डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा भी फंस गए। मौके पर कछला चौकी प्रभारी के नदारद रहने और ड्यूटी में लापरवाही के चलते एसएसपी ने कछला चौकी इंचार्ज रिंकू सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार रविवार रात डीएम और एसएसपी कछला गंगा घाट का निरीक्षण करने निकले थे। इसी दौरान उझानी के आगे बरेली-मथुरा हाईवे पर भीषण जाम लगने की सूचना मिली। कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई और अधिकारियों के वाहन भी जाम में फंस गए।
हाईवे पर जाम की वजह से राहगीरों और कांवड़ियों को भारी परेशानी हुई। कई घंटे तक यातायात बाधित रहा। स्थिति बिगड़ती देख एसपी सिटी अभिषेक सिंह कछला गंगा घाट पहुंचे। उनकी निगरानी में वाहनों को बिल्सी की ओर डायवर्ट कराया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारु हो सका।
घटना के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच कराई। जांच में सामने आया कि कांवड़ यात्रा को लेकर दिए गए निर्देशों के पालन में कछला चौकी प्रभारी रिंकू सिंह ने अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई। ड्यूटी के दौरान उनकी शिथिलता के कारण ही हाईवे पर लंबा जाम लगा।
जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने लापरवाही को गंभीर मानते हुए चौकी प्रभारी रिंकू सिंह को निलंबित कर दिया। विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने साफ किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
