8:57 am Thursday , 13 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी -घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप

उझानी -घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप, पुलिस पर कार्रवाई न करने का भी आरोप।

कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज।

उझानी-बदांयू 12 अगस्त।

उझानी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला में एक युवती से छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने पड़ोस में रहने वाले गौरव पुत्र विनोद के खिलाफ कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।

कोर्ट में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार घटना 26 मार्च की रात करीब 8 बजे की है। आरोप है कि आरोपी गौरव हथौड़ा और धारदार हथियार लेकर घर में घुस आया और 24 वर्षीय बेटी के साथ गलत काम करने की नीयत से छेड़छाड़ करते हुए दबोच लिया। विरोध करने पर हथौड़े से मारपीट की गई जिससे युवती के हाथ में फ्रैक्चर हो गया और मुंह, दांत व आंख में भी गंभीर चोटें आईं।

दर्ज रिपोर्ट में मां का आरोप है कि शोर सुनकर मौके पर पहुंचे आरोपी के भाई अंशु और राहुल ने भी उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।

कोर्ट को दिऐ प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि आरोपी का सगा रिश्तेदार पुलिस में दरोगा है और उसकी तैनाती कासगंज में है। इसी रसूख के चलते उझानी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मेडिकल कराने के बाद भी रिपोर्ट नहीं लिखी गई। पीड़िता का आरोप है कि मुल्जिम पहले भी मारपीट कर चुका है और उस समय भी दबाव बनाकर समझौता करा दिया गया था।

पीड़िता ने बताया कि वह 26 मार्च से लगातार थाने के चक्कर काट रही हैं। उच्च अधिकारियों और एसपी बदायूं को रजिस्ट्री से पत्र भी भेजा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली है।

पीड़िता ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बदायूं की अदालत में बीएनएस की धारा 173(4) के तहत प्रार्थना पत्र दिया है। कोर्ट ने उझानी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए है।

फिलहाल पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है, इस संबंध में कोई पक्ष सामने नहीं आया है। मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस