उझानी -जल निगम की लापरवाही भारी पड़ी मक्का लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क में धंसी, 1 घंटे बाधित रहा यातायात।
उझानी-बदांयू 11 अगस्त।
उझानी नगर के मोहल्ला गंजशहीदा में मंगलवार को जल निगम द्वारा पानी की पाइप लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क में एक मक्का लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली धंस गई। हादसे के चलते करीब एक घंटे तक मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप रहा और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक गणेश कोल्डस्टोरेज के ठीक सामने जल निगम ने पाइप लाइन डालने के लिए सड़क की खुदाई के बाद सड़क को ठीक से नहीं भरा गया था। इसी दौरान मक्का लेकर आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही कोल्डस्टोर के सामने पहुंची तो वह गड्ढे में धंस गई। ट्रॉली इतनी बुरी तरह फंसी कि इधर-उधर से निकलने का रास्ता भी बंद हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसने से कोल्डस्टोर आने-जाने वाले किसान और राहगीरों को काफी दिक्कत हुई। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाकर वैकल्पिक रास्ते से जाना पड़ा।
लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रॉली में लदी मक्का को खाली कराया गया। इसके बाद अन्य ट्रैक्टरों की मदद से फंसे ट्रैक्टर को बाहर निकाला जा सका। तब कहीं जाकर यातायात सामान्य हो सका।
स्थानीय लोगों ने जल निगम के अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क खोदकर महीनों से मिट्टी डालकर ऐसे ही छोड़ दी गई है। इसी लापरवाही के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए ताकि आगे कोई बड़ी दुर्घटना न हो।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
