कछला घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 2 लाख से अधिक कांवड़ियों ने भरा गंगाजल।


सावन के दूसरे सोमवार से पहले फुल हुए पार्किंग और रैन बसेरा, पुलिस अलर्ट।
बदांयू 9 अगस्त।
सावन माह के दूसरे सोमवार से पहले ही जिले के प्रसिद्ध कछला गंगा घाट पर श्रद्धा की बयार बह निकली। रविवार को यहां 2 लाख से अधिक कांवड़ियों के पहुंचने का अनुमान है। सुबह से ही घाट पर स्नान-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पार्किंग और रैन बसेरा पूरी तरह भर गए।
भीड़ के दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि शाम तक लोकल के कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने से श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ सकती है।
कछला घाट पर सबसे आकर्षण का केंद्र बना रथ पर सजी-धजी भोले बाबा की मूर्ति के साथ कांवड़ियों का जत्था रविवार सुबह गंगाजल लेकर अपने गांव के लिए रवाना हुआ।
सुबह के समय कछला घाट पर आस्था का जनसैलाब देखने को मिला। कांवड़ियों ने पहले गंगा में डुबकी लगाई, पूजन किया और फिर कावड़ में गंगाजल भरकर अपने-अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान किया।
स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह रैन बसेरे बनाए थे, लेकिन भारी भीड़ के कारण सभी फुल हो गए। बाइक और कार खड़ी करने के लिए भी जगह नहीं बची।
पुलिस ने घाट और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए डायवर्जन भी किया गया है।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कांवड़ियों की संख्या में भारी इजाफा देखा जा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि सोमवार सुबह तक यह आंकड़ा और बढ़ेगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
