6:46 pm Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

कांवड़ यात्रा मार्ग पर अब भी अतिक्रमण, नगर पालिका ने कार्रवाई टालकर दिया सिर्फ अल्टीमेटम

उझानी-बदांयू 30 जुलाई।

शासन के निर्देशों के बावजूद उझानी नगर पालिका परिषद कांवड़ यात्रा मार्ग को अतिक्रमण मुक्त नहीं करा सकी। आज 30 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है, लेकिन मार्गों पर अतिक्रमण जस का तस बना हुआ है। पालिका ने स्वयं अतिक्रमण हटवाने के बजाय अतिक्रमणकारियों को खुद हटाने का अल्टीमेटम देकर औपचारिकता पूरी कर ली, जिसका नतीजा यह हुआ कि कई स्थानों पर फिर से अतिक्रमण हो गया है।

नगर में कांवड़ियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए यात्रा मार्ग को पूरी तरह खाली कराने के आदेश थे। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका ने सख्ती नहीं दिखाई और पक्षपात के चलते अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई टाल दी।

नागरिकों ने मांग की है कि पालिका एक दिन विशेष अभियान चलाकर बिना भेदभाव के सभी अतिक्रमण हटवाए। साथ ही अतिक्रमण हटने के बाद दोबारा कब्जा करने वालों पर जुर्माना लगाया जाए। इसके लिए पालिका कर्मचारियों की रोज सुबह 10 बजे के बाद नगर में गश्त तय की जाए, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो सके।

इस मामले में जब अधिशासी अधिकारी मणी जी सैनी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।

वहीं प्रभारी सफाई निरीक्षक राजकुमार गुप्ता ने कहा,
नगर में कांवड़ यात्रा मार्ग पर कहीं भी अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। पालिका द्वारा पहले ही अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया जा चुका है। यदि यात्रा मार्ग पर किसी ने दोबारा अतिक्रमण किया है तो अधिशासी अधिकारी की अध्यक्षता में अभियान चलाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कागजों पर आदेश और बयानों से काम नहीं चलेगा। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए अब ठोस और तत्काल कार्रवाई जरूरी है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस