उझानी में जन्मदिन पर मना मातम: गैस सिलेंडर में लगी आग, पति-पत्नी मामूली रूप से घायल।
सूझबूझ से टला बड़ा हादसा: पुलिसकर्मियों ने लीक सिलेंडर को बाहर निकालकर बुझाई आग ।
उझानी-बदांयू 22 जुलाई।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला किला खेड़ा में बुधवार शाम खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग जाने से एक दंपत्ति मामूली रूप से झुलस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समय रहते सिलेंडर को कमरे से बाहर निकालकर बड़ा हादसा टाल दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम दबिहारी निवासी अजीत उर्फ सुमित सिसोदिया पत्नी रचना और 6 वर्षीय बेटे के साथ पिछले डेढ़ वर्ष से किला खेड़ा निवासी सेवानिवृत्त लेखपाल भगवान दास के मकान में किराए पर रह रहे हैं। सुमित बरेली की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। बुधवार को बेटे का जन्मदिन होने के कारण घर में खाना बन रहा था।
शाम करीब 5 बजे रचना रसोई में खाना बना रही थीं, तभी अचानक सिलेंडर से गैस लीक हो गई और उसमें आग लग गई। रचना की चीख सुनकर सुमित रसोई में पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों आग की चपेट में आकर मामूली रूप से झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पर तैनात कांस्टेबल जयप्रकाश और मुकुल गिरी मौके पर पहुंचे। दोनों ने सूझबूझ दिखाते हुए जलते हुए सिलेंडर को कमरे से बाहर निकाला और फायर सिलेंडर की मदद से आग पर काबू पाया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना के करीब डेढ़ घंटे बाद बदायूं से फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। दमकल कर्मियों ने रसोई की दीवार में दबी हल्की चिंगारी को पानी डालकर पूरी तरह बुझाया।
पुलिस ने बताया कि समय पर कार्रवाई होने से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घायल दंपत्ति का प्राथमिक उपचार कराया गया है।
राजेश वार्ष्णेय एमके




bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
