6:01 am Sunday , 16 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी -ट्रेन की चपेट में आने से 10 फीट लंबे मगरमच्छ की मौत


उझानी-बदांयू 22 जुलाई।

कोतवाली उझानी क्षेत्र में बुधवार सुबह कछला हाल्ट स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर करीब 10 फीट लंबे मगरमच्छ के ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार सुबह 9 बजे कछला हाल्ट के समीप रेलवे ट्रैक पर अचानक मगरमच्छ आ गया। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। संभवतः मगरमच्छ किसी पास के जलाशय या गंगा क्षेत्र से निकलकर भटकते हुए ट्रैक तक पहुंच गया था।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आई। वन विभाग के एसआई आदित्य गंगवार और वनरक्षक विकेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने मगरमच्छ के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

एसआई आदित्य गंगवार ने बताया कि मगरमच्छ के शव का परीक्षण कराया जाएगा। मौत के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी कोई वन्यजीव दिखाई दे तो उसके पास खुद न जाएं। तुरंत वन विभाग को सूचना दें ताकि समय रहते रेस्क्यू किया जा सके।

हादसे के बाद काफी देर तक ट्रैक के आसपास लोगों का जमावड़ा लगा रहा।

विज्ञापन एक्सप्रेस