5:10 am Thursday , 13 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी में प्रसव के बाद नवजात को जन्म देकर दम तोड़ गई विनीता

परिजनों का आरोप- डॉक्टर की लापरवाही से गई जान।

बदांयू 21 जुलाई।

उझानी कस्बे के एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद रक्तस्राव न रुकने से प्रसूता की हालत बिगड़ गई और बरेली में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल की महिला डॉक्टर पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।

कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव रेवा निवासी मनोज कुमार ने बताया कि उन्होंने पत्नी विनीता को रविवार देर रात करीब 11 बजे उझानी के बदायूं रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। ऑपरेशन के बाद विनीता ने बेटी को जन्म दिया।

आरोप है कि डिलीवरी के तुरंत बाद विनीता का रक्तस्राव तेज हो गया। हालत बिगड़ती देख महिला डॉक्टर ने परिजनों से कहा कि मरीज को कहीं बाहर ले जाओ। वजह पूछने पर डॉक्टर और परिजनों के बीच नोकझोंक भी हो गई।

विनीता की हालत गंभीर देख परिजन एंबुलेंस से उसे बरेली ले गए, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सोमवार सुबह मनोज ने अस्पताल संचालक से शिकायत की तो उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की।

मंगलवार को अंतिम संस्कार के बाद परिजन उझानी कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी।
पति मनोज का आरोप है कि पत्नी का करीब 5 महीने से इसी अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी डॉक्टर की सलाह पर 3-4 बार अल्ट्रासाउंड भी कराए। इसके बाद भी ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर ने सजगता नहीं दिखाई।

इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि तहरीर मिल गई है। दिए गए तथ्यों के आधार पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल नवजात बेटी मां की ममता से महरूम हो गई है और पूरे परिवार में कोहराम मचा है।

विज्ञापन एक्सप्रेस