4:25 pm Thursday , 13 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी में जल निगम की लापरवाही: “अपना काम बनता, भाड़ में जाए ….

उझानी में जल निगम की लापरवाही: “अपना काम बनता, भाड़ में जाए ….”।

खुदी सड़कों और गड्ढों से बेहाल शहर, लोकी चौराहे पर लगा घंटों जाम, स्कूली बच्चे फंसे।

उझानी-बदांयू 14 जुलाई।

नगर में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के नाम पर जल निगम की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। “अपना काम बनता, भाड़ में जाए …” वाली कहावत यहां अक्षरशः सही साबित हो रही है। लगभग एक साल का समय बीत जाने के बाद भी काम अधूरा है और शहर की सड़कें गड्ढों, धूल और कीचड़ में तब्दील हो चुकी हैं।

मंगलवार दोपहर एक बजे मोहल्ला गंजशहीदा पंखा रोड स्थित लोकी चौराहे पर बांस से लदी एक पिकअप खुदी हुई सड़क के गड्ढे में फंस गई। पिकअप फंसते ही चारों तरफ का यातायात ठप हो गया। करीब 1 घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

कड़ी धूप और गर्मी में स्कूली बच्चों से भरे ई-रिक्शे और बसें भी जाम में फंसी रहीं। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर की मदद से पिकअप को बाहर निकाला जा सका तब जाकर यातायात सामान्य हो पाया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी चौराहे की खुदी सड़क में कई कार और ट्रैक्टर फंस चुके हैं। बाइक सवार भी चोटिल हुए थे। तब नगर पालिका ने गड्ढे में भट्टे की राव डलवाई थी, लेकिन स्थाई समाधान आज तक नहीं हुआ।

जल निगम द्वारा नगर के ज्यादातर गली-मोहल्लों और बाजारों में पाइप डालने के लिए खुदाई की गई, लेकिन पाइप डालकर ऊपर से मिट्टी-बजरी डालकर काम छोड़ दिया गया। न डामर हुआ, न मरम्मत।

बारिश में यही मिट्टी फिसलन भरी कीचड़ बन जाती है और गर्मी में धूल का गुबार उड़ता है। इससे लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। साथ ही अधूरी सड़कों के कारण शहर के अधिकांश हिस्सों में रोजाना जाम की स्थिति बन रही है।

नगरवासियों का सवाल है कि लगभग एक साल का समय बीत जाने के बाद भी जल निगम की काम करने की रफ्तार इतनी धीमी क्यों है? करोड़ों की पाइपलाइन योजना जनता के लिए मुसीबत बन गई है।

लोगों ने मांग की है कि जल निगम और प्रशासन तुरंत खुदी सड़कों की मरम्मत कराए, ताकि आम जनता को इस परेशानी से निजात मिल सके।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस