कछला गंगा घाट और कांवड़ मार्ग का मंडलायुक्त-डीआईजी ने किया निरीक्षण
।
आषाढ़ अमावस्या स्नान और कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा, सुरक्षा को दी गई सर्वोच्च प्राथमिकता*श।
बदांयू 13 जुलाई।
आगामी आषाढ़ अमावस्या गंगा स्नान पर्व और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। सोमवार को मंडलायुक्त बरेली भूपेन्द्र एस. चौधरी और पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय साहनी ने कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त और डीआईजी के साथ जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने गंगा घाटों, पार्किंग स्थलों, रूट डायवर्जन, कंट्रोल रूम, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों का गहन निरीक्षण किया।
बैठक में अधिकारियों को बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए।
डीआईजी ने भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सहायता और यातायात संचालन की विस्तृत समीक्षा की। निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रियों का आवागमन सुरक्षित और सुगम रहे। डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार ही हो। अतिक्रमण और नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का लक्ष्य है कि आषाढ़ अमावस्या स्नान और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो।
—
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
