।
उझानी के अयोध्या प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर में मेधावियों और शिक्षकों का सम्मान, पीसीएस बने पूर्व छात्र भी हुए सम्मानित।
उझानी-बदांयू 13 जुलाई।
शिक्षा ही किसी राष्ट्र के भविष्य की दिशा तय करती है। यह बात पूर्व राज्य मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने सोमवार को उझानी स्थित अयोध्या प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में कही।
विद्यालय परिसर में हुए इस कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को मुख्य अतिथि विमल कृष्ण अग्रवाल ने स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि 2047 में जब देश अपनी आजादी का शताब्दी वर्ष मनाएगा, तब भारत विश्व गुरु के रूप में स्थापित होगा। लेकिन इस सपने को साकार करने के लिए आज के छात्रों को संस्कारवान और ज्ञानवान बनाना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किए बिना यह लक्ष्य संभव नहीं है। इसी कारण सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार के काम कर रही है।
उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
विद्यालय प्रबंधन समिति ने बेहतर शिक्षण कार्य के लिए दो अध्यापकों को 3100-3100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की सबसे खास बात रही विद्यालय के पूर्व छात्र शिवम यादव का सम्मान। पीसीएस अधिकारी बनने पर विद्यालय परिवार ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित कर अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक रतन कुमार जिंदल, प्रधानाचार्य घनश्याम बाबू, सभासद रामप्रवेश यादव, पूर्व नगर अध्यक्ष भाजपा राहुल शंखधार,आचार्य पीसी पाल, कवियित्री सुनीति अग्रवाल, प्रियंका वार्ष्णेय,पारस अग्रवाल, केशव त्रिवेदी सहित शिक्षकगण, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला।
राजेश वार्ष्णेय एमके


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
