उझानी -पहले दिन बारिश ने किया बच्चों का स्वागत, स्कूलों में रही कम उपस्थिति।
उझानी-बदांयू 1 जुलाई।
ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद बुधवार को स्कूल तो खुले, लेकिन सुबह से हो रही तेज बारिश ने बच्चों और शिक्षकों दोनों की राह रोक दी। बदांयू जिले में कई जगह झमाझम बारिश के चलते स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति बहुत कम रही। कहीं-कहीं जलभराव और खराब मौसम के कारण शिक्षक भी समय से स्कूल नहीं पहुंच पाए।
सुबह 7 बजे से ही उझानी शहर और देहात इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। अभिभावकों ने छोटे बच्चों को बारिश में भीगने के डर से स्कूल नहीं भेजा। उझानी के कई स्कूलों में 30% बच्चे ही पहुंचे। शिक्षकों ने बताया कि नर्सरी से कक्षा 2 तक के जिन बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत होना था, उनमें से ज्यादातर गैरहाजिर रहे।
उझानी के कई मार्ग पर जलभराव के कारण कई शिक्षक समय से स्कूल नहीं पहुंच सके। एक प्राथमिक विद्यालय के अध्यापक ने बताया कि बारिश की वजह से 8 में से 3 शिक्षक 9 बजे के बाद स्कूल पहुंचे।
गर्मी और बारिश को देखते हुए फिलहाल कक्षा 1 से 8 तक की कक्षाएं सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक चलेंगी। कक्षा 9 से 12 तक का समय 7:30 से 1:30 बजे तक रहेगा।
कई स्कूलों में बच्चों के स्वागत के लिए गुब्बारे, टॉफी और फूलों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन कम उपस्थिति के कारण रौनक फीकी रही।
उझानी के निवासी अभिभावक मोहित ने बताया कि गली में घुटनों तक पानी भर गया था। रिक्शा भी नहीं मिला, इसलिए बच्चे को नहीं भेजा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है।




bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
