उझानी -डम्पर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो गंभीर रूप से घायल।
गंभीर घायल नितिन का बरेली के हायर सेंटर में इलाज जारी।
उझानी-बदांयू 24 जून।
कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात तेज रफ्तार डम्पर ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम निजामपुर निवासी 50 वर्षीय सूरजपाल पुत्र रोशन सिंह अपने गांव के ही 15 वर्षीय नितिन पुत्र ओमेंद्र और 25 वर्षीय प्रवेश पुत्र रघुवीर सिंह के साथ बुधवार रात बहेड़िया से दावत खाकर बाइक से घर लौट रहे थे।
रात करीब 10 बजे जब वे कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बुटला बोर्ड के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित डम्पर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची उझानी पुलिस ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने सूरजपाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल नितिन और प्रवेश को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में नितिन की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर बरेली रेफर कर दिया। प्रवेश का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के बाद डम्पर चालक मौके से वाहन समेत बदायूं की ओर भाग निकला। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात डम्पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की तलाश कर रही है।
मृतक सूरजपाल के परिजनों में कोहराम मचा है। गांव में शोक की लहर है।
— राजेश वार्ष्णेय एमके।




bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
