उझानी में डाक बांटने जा रहे पोस्टमैन को टेंपो ने मारी टक्कर, गंभीर घायल।
उझानी (बदायूं) 24 जून ।
उझानी के बरेली मथुरा हाइवे पर टेम्पो की टक्कर से साइकिल सवार पोस्टमैन घायल हो गये। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गौतमपुरी निवासी महेश पाल उझानी पोस्ट ऑफिस में पोस्टमैन के पद पर कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार, रोजाना की तरह आज दोपहर करीब 12 बजे वह पोस्ट ऑफिस से शहर की डाक लेकर साइकिल से वितरण के लिए निकले थे। जैसे ही वह नगर के एपीएस कोल्ड स्टोरेज के समीप पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार टेंपो चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह साइकिल समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल पोस्टमैन को एम्बुलेंस से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
