बदायूं
बिसौली तहसील में लगा समाधान का दरबार, डीएम और एसएसपी ने सुनीं जनता की समस्याएं
केशव गुप्ता
बिसौली (बदायूं)। तहसील बिसौली में शनिवार को आयोजित “संपूर्ण समाधान दिवस” के दौरान जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। डीएम और एसएसपी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि जनशिकायतों की जांच पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जाए तथा पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाया जाए। इस दौरान समाधान दिवस रजिस्टर का भी निरीक्षण किया गया और अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी बिसौली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित समाधान दिवस से फरियादियों को अपनी समस्याएं सीधे उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिला।




bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
