4:47 pm Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी: बिजली के लटकते तार बने यमराज, शिकायतों पर भी नहीं चेता विभाग

उझानी: बिजली के लटकते तार बने यमराज, शिकायतों पर भी नहीं चेता विभाग।

उझानी-बदांयू 10 जून।

नगर की गलियों, बाजारों में मौत सिर पर झूल रही है। हाईटेंशन तार और बिजली के खंभों पर फैला मकड़जाल अब यमराज बन गया है। हालात ये हैं कि तार लोगों के सिर से छू रहे हैं, मगर विद्युत निगम की कुंभकर्णी नींद नहीं टूट रही।

बदायूं रोड, स्टेशन मार्ग, पुरानी अनाज मंडी, घंटाघर चोराहा, बिल्सी रोड बाजार में हालात सबसे खराब हैं। हल्की हवा चलते ही तार आपस में टकराते हैं, फॉल्ट होता है और चिंगारियां निकलने लगती हैं।

हर गली बनी खतरे का सबब

स्टेशन रोड के पास जुगाड़ से लटकाए तारों के नीचे से रोजाना स्कूली बच्चे गुजरते हैं। घंटाघर चोराहा में सड़क के बीच से बहुत निचाई पर तार झूल रहे है। बिल्सी रोड पर बिजली की लाइन दीवारों से सटकर गुजर रही है। बरसात में करंट उतरने का डर सताता है।

पिछले मानसून में ही खंभे में उतरे करंट से एक पशु की मौत हो चुकी है। मोहल्ले के नवीन कुमार कहते हैं, “बच्चों को गली में खेलने से रोकना पड़ता है। शिकायत कर-करके थक गए, कोई सुनवाई नहीं।”


अधिकारी बोले- काम चल रहा है

अधिशासी अभियंता का रटा-रटाया जवाब है कि लटकते तार ठीक कराए जा रहे हैं। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि शिकायतों के पुलिंदे के बाद भी तार वैसे ही झूल रहे हैं।

सवाल बड़ा है- क्या विद्युत निगम उझानी में किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? जब तक तारों का यह मकड़जाल नहीं हटेगा, तब तक हर गली में जिंदगी खतरे के साए में ही रहेगी।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस