7:30 pm Wednesday , 4 November 2026
BREAKING NEWS

GEM 2026: 144 बेटियों की आवाज से गूँजा ऊँचाहार, सुधांशु गुप्ता ने दिया ‘आत्मविश्वास का मंत्र

GEM 2026: 144 बेटियों की आवाज से गूँजा ऊँचाहार, सुधांशु गुप्ता ने दिया ‘आत्मविश्वास का मंत्र’।

उझानी-बदांयू 10 जून।

एनटीपीसी ऊँचाहार के प्रतिष्ठित “बालिका सशक्तिकरण मिशन 2026” में आत्मविश्वास का नया अध्याय जुड़ा। मिशन के चार सप्ताह के आवासीय कार्यक्रम के तहत आयोजित विशेष प्रशिक्षण सत्र में 144 बालिकाओं ने प्रभावी सार्वजनिक वक्तृत्व की बारीकियाँ सीखीं।

देश के प्रख्यात बिजनेस कोच एवं चेंज कैटेलिस्ट श्री सुधांशु गुप्ता ने सत्र का संचालन किया। उन्होंने बालिकाओं को मंच संचालन, बॉडी लैंग्वेज, स्वर नियंत्रण और मंच भय पर विजय पाने के व्यावहारिक गुर सिखाए। प्रशिक्षण पूरी तरह संवादात्मक रहा, जहाँ बेटियों ने प्रश्नोत्तरी और मंचीय प्रस्तुतियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में श्री गुप्ता ने कहा, “जब एक बालिका आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखना सीख जाती है, तब वह केवल स्वयं को ही नहीं बल्कि समाज की सोच को भी बदलने की क्षमता प्राप्त कर लेती है।” उन्होंने बालिकाओं से बड़े सपने देखने और निरंतर सीखते रहने का आह्वान किया।

सत्र के दौरान बालिकाओं ने उल्लेखनीय आत्मविश्वास दिखाया। कई प्रतिभागियों ने पहली बार मंच पर आकर अपने विचार रखे और तालियाँ बटोरीं। प्रभावी संप्रेषण, स्पष्ट अभिव्यक्ति और नेतृत्व के गुणों पर हुए अभ्यास ने उनके हौसले को नई उड़ान दी।

एनटीपीसी ऊँचाहार का GEM कार्यक्रम कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में अनुकरणीय पहल माना जाता है। इसके तहत ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों की बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल साक्षरता, आत्मरक्षा, व्यक्तित्व विकास और जीवन कौशल का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में एनटीपीसी ऊँचाहार प्रबंधन ने श्री सुधांशु गुप्ता का आभार जताया। प्रबंधन ने कहा कि ऐसे सत्र बालिकाओं के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।

“सशक्त बालिका ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है” – इसी संकल्प के साथ एनटीपीसी ऊँचाहार GEM के माध्यम से बेटियों को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.