झुलसा रहा सूरज: लू का रेड अलर्ट जारी, 43.3 डिग्री सेल्सियस रहा तापमान; अगले 24 घंटे में मौसम बदलने के संकेत।
उझानी-बदांयू 27 मई।
प्रचंड गर्मी के बीच मंगलवार को उझानी में पारा 43.3 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा, जिसके बाद मौसम विभाग ने भीषण लू को देखते हुए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। हालांकि, 28 मई से तेज धूलभरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी के साथ मौसम के करवट लेने की संभावना जताई गई है।
सूरज की तपिश से उझानी इन दिनों तवे-सा तप रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए जिले में भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से दोपहर में घरों से बाहर न निकलें। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार शाम को तेज आंधी चलने के आसार हैं।
मंगलवार की सुबह से ही सूरज ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री पर पहुंचा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। दिन में चलने वाली लू और रात में भी बनी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दोपहर के वक्त बाजारों और मुख्य मार्गों पर सन्नाटा पसरा रहा। सोमवार देर रात कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई, लेकिन उससे गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिली।



मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक 28 मई से मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे अगले तीन दिनों तक लू से राहत मिलने के आसार हैं।
—
राजेश वार्ष्णेय एमके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
