3:56 pm Saturday , 15 August 2026
BREAKING NEWS

हत्याकांड में 5 दोषियों को उम्रकैद, ऑपरेशन कन्विक्शन की बड़ी जीत

12 साल बाद इंसाफ का प्रहार: बदायूँ के चर्चित हत्याकांड में 5 दोषियों को उम्रकैद, ऑपरेशन कन्विक्शन की बड़ी जीत”

बदायूँ। उत्तर प्रदेश पुलिस के #OperationConviction अभियान के तहत बदायूँ पुलिस ने एक बार फिर कानून के शिकंजे की ताकत का एहसास कराया है। करीब 12 वर्ष पुराने बहुचर्चित अपहरण और हत्या कांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए पांच दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय के इस फैसले ने यह साबित कर दिया कि अपराध कितना भी पुराना क्यों न हो, कानून के हाथ अपराधियों तक आखिरकार पहुंच ही जाते हैं।
थाना मूसाझाग में वर्ष 2014 में दर्ज मुकदमा संख्या 32/14 धारा 364, 302, 149 और 201 भादवि के तहत चल रहे इस सनसनीखेज मामले में कर्रु उर्फ तारीफ सिंह, जागेश, कमलेश, औमान सिंह और कल्लू को दोषी ठहराया गया। माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश बदायूँ ने सभी अभियुक्तों को हत्या के अपराध में आजीवन कारावास तथा प्रत्येक पर 18-18 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। अदालत ने साफ किया कि जुर्माना अदा न करने पर अतिरिक्त कारावास भी भुगतना होगा।
बताया गया कि इस जघन्य वारदात में अभियुक्तों ने सामूहिक रूप से अपहरण कर हत्या की घटना को अंजाम दिया था और साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की थी। मामले की विवेचना तत्कालीन विवेचक उप निरीक्षक रुकमपाल सिंह यादव द्वारा पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था। बाद में इसे पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के तहत चिन्हित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के पर्यवेक्षण में मॉनिटरिंग सेल, अभियोजन विभाग और पैरोकार आरक्षी विकास वर्मा की मजबूत पैरवी ने अदालत में ऐसा पक्ष रखा कि आखिरकार दोषियों को उम्रकैद की सलाखों के पीछे पहुंचना पड़ा। लोक अभियोजक अनिल कुमार राठौर की प्रभावी दलीलों ने भी मुकदमे को निर्णायक मोड़ तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
अदालत ने दोषियों को धारा 364/149 में 10-10 वर्ष की सजा, धारा 302/149 में आजीवन कारावास तथा धारा 201/149 में 5-5 वर्ष की सजा सुनाई। हालांकि सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। न्यायालय ने यह भी आदेश दिया कि अभियुक्त जेल में बिताई गई अवधि को सजा में समायोजित किया जाएगा।
इस फैसले के बाद बदायूँ पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “ऑपरेशन कन्विक्शन” अपराधियों के खिलाफ सबसे प्रभावी अभियान साबित हो रहा है और इससे पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस