बदायूं
निगोही में मौत बनकर दौड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली,SDMC स्कूल स्टाफ बस से भीषण टक्कर, चीख-पुकार से दहला हाईवे
शाहजहांपुर। जनपद के निगोही क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। शाहजहांपुर रोड स्थित एक भट्टे के पास SDMC स्कूल के स्टाफ से भरी बस की तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में बैठे शिक्षक और कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की आवाज दूर तक सुनाई दी। टक्कर के बाद बस के अंदर बैठे कई शिक्षक और कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि स्कूल की छुट्टी होने के बाद स्टाफ बस से शाहजहांपुर वापस लौट रहा था, तभी निगोही क्षेत्र में यह बड़ा हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर दौड़ पड़े और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बस से बाहर निकलवाकर तत्काल निगोही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भिजवाया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की तैयारी चल रही है।
घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है। वहीं घायल शिक्षकों और कर्मचारियों के परिजनों में भी बेचैनी बनी हुई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com

