उझानी-पुरानी अनाज मंडी में अतिक्रमण पर बुलडोजर का इंतजार, नोटिस की समय-सीमा खत्म होने के बाद भी कार्रवाई शून्य।
उझानी, बदायूं 2 मई।
नगर पालिका परिषद उझानी की अतिक्रमण हटाने की चेतावनी सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आ रही है। भदवार गंज स्थित पुरानी अनाज मंडी में भूसा व्यापारियों, फड़ व ठेले-खोमचे वालों को दिया गया 2 दिन का अल्टीमेटम बेअसर साबित हुआ है।

28 अप्रैल को सफाई एवं खाद्य निरीक्षक हरीश त्यागी के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम ने पुरानी अनाज मंडी पहुंचकर अतिक्रमणकारियों को स्वयं कब्जा हटाने के लिए 2 दिन का समय दिया था। चेतावनी दी गई थी कि समय-सीमा खत्म होने पर नगर पालिका बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाएगी।
चेतावनी व नोटिस की मियाद 30 अप्रैल को खत्म हो गई, लेकिन 2 मई तक मंडी में स्थिति जस की तस बनी हुई है। न तो किसी व्यापारी ने खुद अतिक्रमण हटाया और न ही नगर पालिका की जेसीबी मंडी पहुंची।
इस संबंध में सफाई एवं खाद्य इंस्पेक्टर हरीश त्यागी ने बताया, “पुरानी अनाज मंडी में अतिक्रमण हटाना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। वहां दुकानों का निर्माण कार्य शुरू होना है। इसको लेकर अधिशासी अधिकारी से वार्तालाप चल रही है। जल्द ही भदवार गंज में बिना किसी भेदभाव के अतिक्रमण हटाया जाएगा।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब नगर पालिका खुद समय-सीमा तय कर नोटिस देती है और फिर कार्रवाई नहीं करती, तो अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद होते हैं।
अब देखना यह है कि नगर पालिका का “जल्द ही” कब आता है, या फिर यह मामला भी सिर्फ चेतावनी तक सिमट कर रह जाता है।
राजेश वार्ष्णेय एमके
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



