4:37 am Monday , 17 August 2026
BREAKING NEWS

नवरात्र – आज से शक्ति की भक्ति में लीन उझानी नगरी, मां शैलपुत्री की घर-घर आराधना

।****

उझानी बदांयू 22 सितंबर।

देवी आराधना का पवित्र पर्व शारदीय नवरात्र सोमवार से आरंभ हो गया है। पर्व की तैयारियों के साथ आज घर-घर मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना व आराधना की गई।

नवरात्र के लिए देवी मंदिरों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रविवार को खरीदारों की भीड़ से बाजार गुलजार रहे। आदिशक्ति की उपासना के नौ दिनी पर्व शारदीय नवरात्र को लेकर जिले का चप्पा-चप्पा भक्तिभाव में लीन नजर आ रहा है।

देवी मंदिरों को जहां रंग-रोगन कर सजाया जा रहा है। श्रृद्धालुओं ने घरों में कलश स्थापित कर नौ दिन तक देवी अनुष्ठान की शुरुआत कर दी है।

इस बार नवरात्र दस दिनों का होगा। घट स्थापना के तीन मुहूर्त हैं। इस बार मां का आगमन गज यानी हाथी पर होगा, जो सुखद संकेत है। आज सुबह से ही श्रृद्धालुओं का रैला देवी मंदिरों की ओर बढ़ा जा रहा है, भक्ति में लीन लोग एक दो तीन चार, मइया जी की जय जयकार…, प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी .. आदि भक्ति गीत सड़कों पर गूंजते रहे।

नगर के विभिन्न बाजार मां के रंग बिरंगे परिधानों से गुलजार है। 10 से लेकर 500 रुपये की कीमत में मां की चुनरी बिक रही है। वहीं छोटी चुनरी, दीपदान, खाने-पीने के समान खरीदने के लिए दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लग रही है।

आचार्य प्रवीण शर्मा ने बताया कि नवरात्र में नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की स्तुति की जाती है। बताया कि नवरात्र के पहले दिन घट स्थापना के तीन मुहूर्त हैं। पहला मुहूर्त प्रतिपदा तिथि के सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक है। शुभ मुहूर्त सुबह 6:05 से सुबह 8:06 बजे तक है। अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:50 बजे से दोपहर 12:40 बजे तक है। साधकों ने अपनी सुविधानुसार घटस्थापन कर पूजा अर्चना शुरू कर दी है।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस