उझानी बदांयू 7 अगस्त।
रक्षाबंधन को लेकर जहां राखियों की खरीदारी शुरू हो चुकी है, वहीं भाइयों का मुंह मीठा कराने के लिए घेवर और मावा से बनी विभिन्न तरह की बर्फी की मांग भी बढ़ी हुई है। इनकी खरीदारी शुरू हो चुकी है। बहनें भाइयों की पसंद को ध्यान में रखते हुए मिठाई खरीद रही हैं। एडवांस बुकिंग भी की जा रही है।
गोदामों में कारीगर तैयारी में जुटे हैं। रक्षाबंधन त्योहार नौ अगस्त को मनाया जाना है। जिसे लेकर नगर में कई नामचीन दुकानों पर मिठाइयां सज चुकी हैं। अजंता स्वीट्स पर सादा घेवर, घेवर केसर, घेवर मावा के अलावा गुलाब जामुन, नारियल बर्फी, बर्फी, मिल्क केक, सोनपापड़ी, नवरत्न लड्डू, बूंदी लड्डू आदि मिठाई हैं। इनमें से ज्यादा मांग घेवर केसर, बर्फी के साथ-साथ नवरत्न लड्डू और सोनपापड़ी की है।
अजंता स्वीट्स के सुमित माहेश्वरी का कहना है कि शुक्रवार से मिठाई की बिक्री और तेज होने की उम्मीद है। उनके यहां भी दर्जनों लोगों ने एडवांस में मिठाई की बुकिंग करा दी है।
दूसरी तरफ श्याम मोहन स्वीट्स के सचिन वार्ष्णेय सोनू कहते हैं कि 550 रुपये से लेकर 1480 रुपये तक की मिठाई उपलब्ध है। ज्यादा मांग मावा से तैयार काजू बर्फी की है। वैसे कई तरह की मिठाई की उपलब्धता है।
शहर के अन्य हिस्सों की दुकानों में कछला रोड, हलवाई चौक, बिल्सी रोड की दुकानों पर भी तरह-तरह की मिठाई सज चुकी हैं। दुकानदारों को रक्षाबंधन पर मिठाई की बिक्री ठीक होने की उम्मीद है।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com







