7:30 pm Saturday , 15 August 2026
BREAKING NEWS

खतरे का निशान पार कर हाईफ्लड की ओर बढ़ रही गंगा, फसलें तबाह


बदांयू 7 अगस्त।

पहाड़ों पर जबरदस्त बारिश के बाद से गंगानदी में उफान आ गया है। गंगा के उफान से तटीय इलाकों के ग्रामीणों की मुसीबतें बढ़ने लगी हैं। 20 गांवों तक गंगा के पानी की दस्तक पहुंच चुकी है। खादर के खेतों में पानी भर गया है। कुछ गांव के आबादी इलाकों तक पानी की दस्तक पहुंची है, लेकिन आगामी समय में आबादी के बीच गंगा का पानी पहुंचने के आसार बने हुए हैं।

खतरे के निशान को पार कर चुकी गंगा अब हाईफ्लड के निशान से करीब 40 सेंटीमीटर नीचे है।मंगलवार को केवल बिजनौर बैराज का प्रवाह बढ़ा हुआ चल रहा था, लेकिन बुधवार को हरिद्वार से गंगा में उफान आने के बाद हरिद्वार के भीमगोड़ा बैराज से करीब साढ़े तीन लाख क्यूसेक पानी का प्रवाह चल रहा था। वहीं, बिजनौर का प्रवाह भी करीब पौने तीन लाख क्यूसेक का था। हरिद्वार और बिजनौर के पानी के प्रवाह का दबाव नरौरा तक पहुंचा तो नरौरा से भी प्रवाह बढ़ा दिया गया। मंगलवार को नरौरा से करीब 80 हजार क्यूसेक पानी का प्रवाह बना हुआ था जो बुधवार को 1.35 लाख क्यूसेक पर पहुंच गया। आज बृहस्पतिवार को जलस्तर में तेजी से वृद्धि होगी।
उफनाती गंगा के सैलाब को देखकर तटीय इलाकों के ग्रामीण चिंतित हैं।

उसहैत क्षेत्र में लगातार पानी का दबाव बढ़ रहा है। वहीं खेतों में भी पानी भर गया है। विभिन्न मार्गों के ऊपर भी पानी बहने लगा है। ग्रामीणों को चिंता है कि पीछे से आ रहे बढ़े प्रवाह के कारण काफी पानी आ जाएगा। जिससे दुश्वारियां बढ़ेंगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस