11:18 pm Monday , 9 November 2026
BREAKING NEWS

बंद गोदाम में आग से मची तबाही, लाखों का इलेक्ट्रॉनिक सामान राख

वार्ड नंबर सात में देर शाम उठीं आग की ऊंची लपटें, आधे घंटे बाद पहुंची दमकल की पहली गाड़ी; एक गाड़ी से आग पर काबू नहीं मिलने पर पहुंची दूसरी गाड़ी, बिजली कनेक्शन न होने से आग लगने का कारण बना रहस्य

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवर गांव, बदायूं। कस्बे के वार्ड नंबर सात में सोमवार देर शाम एक इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में आग लगने से भारी नुकसान हो गया। बंद गोदाम के भीतर से अचानक उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की भयावहता और आसमान में उठते धुएं को देखकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

बताया जाता है कि वार्ड नंबर सात में अमीर चन्द्र मैरिज होम के सामने अमर पोरवाल पुत्र प्रदीप पोरवाल का इलेक्ट्रॉनिक सामान का गोदाम है। सोमवार रात करीब आठ बजे गोदाम बंद था। इसी दौरान अंदर से आग की लपटें दिखाई देने लगीं। कुछ ही देर में आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने गोदाम स्वामी और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी।

ग्रामीणों का कहना है कि सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की पहली गाड़ी मौके पर पहुंची। हालांकि आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि एक गाड़ी से आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद दमकल की दूसरी गाड़ी भी मौके पर पहुंची। दोनों दमकल गाड़ियों के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक गोदाम में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था।

गोदाम स्वामी अमर पोरवाल ने बताया कि आग में उनका लाखों रुपये का सामान बर्बाद हो गया है। हैरानी की बात यह है कि गोदाम में बिजली का कनेक्शन भी नहीं है। ऐसे में बंद गोदाम के अंदर आग कैसे लगी, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। आग लगने की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति रहस्यमय बनी हुई है।

सूचना मिलने पर कुंवर गांव थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। अचानक लगी आग और लाखों रुपये के नुकसान से कस्बे के व्यापारियों में चिंता व्याप्त है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.