6:04 pm Wednesday , 4 November 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी। बालाजी तिराहे पर दो दिन से झूल रहा पोल

बालाजी तिराहे पर दो दिन से झूल रहा पोल, हादसे का खतरा बढ़ा
पालिका की लापरवाही पर लोगों में रोष, कार्रवाई की मांग
बिल्सी। नगर पालिका परिषद प्रशासन की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। नगर के मुख्य बालाजी तिराहे पर दो दिन पूर्व आई तेज आंधी में एक लाइट पोल क्षतिग्रस्त होकर सड़क के बीच झूल रहा है, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। व्यस्त मार्ग होने के बावजूद अब तक पालिका प्रशासन की ओर से पोल को हटाने या ठीक कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि आंधी के तुरंत बाद नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी सूचना दे दी गई थी। इसके बावजूद दो दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि पालिका प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
नगरवासियों ने बताया कि बालाजी तिराहा नगर का प्रमुख चौराहा है, जहां दिनभर सैकड़ों वाहनों और राहगीरों की आवाजाही रहती है। हवा में झूलता भारी पोल लोगों के लिए खतरे का कारण बना हुआ है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते पोल नहीं हटाया गया और कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका परिषद प्रशासन की होगी। लोगों ने उच्चाधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.