2:19 pm Wednesday , 4 November 2026
BREAKING NEWS

पिपरौल रेलवे फाटक के पास दिखा 8 फुट का मगरमच्छ, मचा हड़कंप

पिपरौल रेलवे फाटक के पास दिखा 8 फुट का मगरमच्छ, मचा हड़कंप।

वन विभाग की टीम ने रातभर तलाशा, नहीं मिला सुराग

उझानी, बदायूं 7 जुलाई ।

उझानी कोतवाली क्षेत्र की कछला चौकी अंतर्गत पिपरौल रेलवे फाटक के पास सोमवार को सड़क किनारे खुदी पटरी में करीब 8 फुट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मगरमच्छ को देखते ही सूचना जंगल की आग की तरह फैल गई। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उसे देखने के लिए भीड़ जुट गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोगों ने दूरी बनाकर रखी और तुरंत पुलिस व वन विभाग को सूचना दी।

सूचना पर कछला चौकी इंचार्ज रिंकू सिंह, कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह के साथ क्षेत्रीय वन अधिकारी विकास कुमार वरुण और उप प्रभागीय वन अधिकारी जगन्नाथ कश्यप अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने काफी देर तक पटरी और आसपास के इलाके में मगरमच्छ की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

काफी प्रयास के बाद सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि करीब 1 बजे वन विभाग की टीम वापस लौट गई।

उप प्रभागीय वन अधिकारी जगन्नाथ कश्यप ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं मगरमच्छ या अन्य कोई जंगली जीव दिखाई दे तो उसके पास न जाएं और न ही उसे छेड़ने का प्रयास करें। तुरंत पुलिस या वन विभाग को सूचना दें ताकि उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके। फिलहाल वन विभाग की टीम इलाके में नजर बनाए हुए है।

—

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.