12:25 am Wednesday , 18 November 2026
BREAKING NEWS

मेला ककोड़ा में विधि-विधान से हुआ झंडी पूजन

मेला ककोड़ा में विधि-विधान से हुआ झंडी पूजन
23 नवंबर को होगा मेले का उद्घाटन, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर होगा मुख्य स्नान
बदायूँ: 17 नवम्बर। रूहेलखंड के मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध मेला ककोड़ा में मंगलवार को मां ककोड़ा देवी मंदिर से झंडी लाकर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन कर उसकी स्थापना की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में धार्मिक परंपराओं के अनुसार झंडी पूजन संपन्न हुआ। तदोपरान्त समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ मेले को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु समीक्षा बैठक की गई। मेले का औपचारिक उद्घाटन 23 नवंबर को होगा तथा 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मुख्य स्नान संपन्न होगा। मेला आगामी 01 दिसंबर तक चलेगा।
झंडी पूजन के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा सिंह ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेला ककोड़ा पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मेले में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को छह जोन में विभाजित किया गया है तथा यातायात के लिए अलग से जोन निर्धारित किया गया है। विभिन्न प्रकार के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। गंगा स्नान के लिए सुरक्षित क्षेत्र निर्धारित किया गया है, जहां पुलिस एवं गोताखोरों की व्यवस्था रहेगी। झूलों की सुरक्षा जांच भी कराई गई है। महिला श्रद्धालुओं की सहायता के लिए मिशन शक्ति केंद्र तथा खोया-पाया केंद्र स्थापित किए गए हैं। मेला थाना एवं पुलिस चौकियों के माध्यम से 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त मोबाइल एंबुलेंस एवं मोबाइल फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित स्नान क्षेत्र में ही स्नान करने तथा किसी भी समस्या पर पुलिस एवं प्रशासन से संपर्क करने की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने बताया कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। साफ-सफाई के लिए 24 घंटे सफाई कर्मियों की टीम तैनात रहेगी। पेयजल के लिए मोबाइल वाटर टैंकर, मोबाइल शौचालय एवं महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है। चिकित्सा सुविधाओं के अंतर्गत 10 बेड का अस्थायी अस्पताल एवं लेबर रूम भी बनाया गया है। इसके साथ ही प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए जा रहे हैं।


अधिकारियों ने कहा कि मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी गतिविधियों की सूचना मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालुओं से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने तथा गंगा की पवित्र धारा में कूड़ा-कचरा एवं प्लास्टिक न डालने की अपील की गई। मेला क्षेत्र एवं गंगा की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, अपर जिला जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर श्री सांई आश्रित शाखमुरी, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.