10:19 pm Friday , 6 November 2026
BREAKING NEWS

गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर भीषण हादसा, बाइक सवार युवक की मौत; दंपती गंभीर घायल

कुंवरगांव संवाददाता

कुंवरगांव। थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर शुक्रवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी बाइक पर सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

थानाध्यक्ष राजेश कौशिक के मुताबिक, शुक्रवार को पीआरवी के जरिए पुलिस को चकोलर से औरंगाबाद की ओर करीब 400 मीटर आगे सर्विस रोड पर सड़क हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि दोनों बाइकें विपरीत दिशाओं से आ रही थीं और इसी दौरान आमने-सामने टकरा गईं।

हादसे में अमृतापुर सिखोरा निवासी रामवीर (पुत्र जगवीर), थाना दातागंज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार पिनौली निवासी महेश (पुत्र सोदान सिंह), थाना इस्लामनगर और उनकी पत्नी पूजा गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल बदायूं भिजवाया। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.