उझानी : घंटाघर चौराहे पर लगा जाम तो खुद मैदान में उतरे इंस्पेक्टर, खुलवाया रास्ता।
उझानी (बदायूं) 4 नवंबर ।
उझानी में घंटाघर चौराहा से आफाक तिराहे तक लगने वाले जाम से परेशान राहगीरों को राहत दिलाने के लिए बुधवार को प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह खुद मैदान में उतर आए। दोपहर घंटाघर चौराहे पर जाम की सूचना मिलते ही वह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाकर ही दम लिया।
रोज-रोज लगने वाले जाम से राहगीरों के साथ ही व्यापारियों को भी भारी दिक्कत हो रही है। तिराहे-चौराहों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के बावजूद स्टेशन रोड, कछला रोड और बिल्सी रोड बाजार में ई-रिक्शा की वजह से जाम लग जाता है। इससे लोगों को घंटों फंसे रहना पड़ता है।
व्यापारी नेताओं की शिकायत के बाद इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह ने उन्हें बाजार में जाम से निजात दिलाने का आश्वासन दिया था। पिछले कुछ दिनों से इन सड़कों पर पुलिस की सक्रियता के चलते जाम कम लग रहा है, लेकिन फिर भी घंटाघर चौराहा, हलवाई चौक और पुरानी अनाज मंडी मोड़ पर जाम लग जाता है।
बुधवार दोपहर घंटाघर चौराहे पर जाम की सूचना पर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह खुद पुलिसकर्मियों संग मैदान में आ धमके और जाम खुलवाने में कामयाबी हासिल की।



इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि ई-रिक्शा पर विशेष निगाह रखें, भारी वाहनों को भीड़भाड़ वाले बाजारों में न जाने दें और स्कूल की बसों को बाजार से जल्द निकलवाना सुनिश्चित करें, जिससे जाम न लग सके।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com