प्रसव के दौरान प्रसूता और नवजात की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
बाद में लोगों के समझाने पर हुए शांत, मृतका का नहीं कराया पीएम
बिल्सी। नगर के कोतवाली मोड़ पर स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान प्रसूता और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। दोनों की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से जानकारी ली। हालांकि, बाद में मृतका के पति ने कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग दोनों के शव लेकर घर चले गए।
मुजरिया थाना क्षेत्र के लहरा असदुल्लाहपुर गांव निवासी शराफत ने बताया कि वह रविवार को अपनी भाभी रुखसाना पत्नी शराकत को प्रसव के लिए बिल्सी नगर कोतवाली मोड़ पर स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह प्रसव के दौरान रुखसाना और उनके नवजात बच्चे की मौत हो गई। एक साथ दो मौतों की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और बिल्सी कोतवाली पुलिस से शिकायत की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रसूता और नवजात की मौत के मामले में परिजनों से जानकारी ली गई। मृतका के पति ने कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया, जिसके बाद परिवार के लोग शव लेकर घर चले गए।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com