5:50 pm Monday , 19 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी -महानवमी पर माँ सिद्धिदात्री की आराधना, घर-घर गूंजे जयकारे और हुए कन्या भोज

महानवमी पर माँ सिद्धिदात्री की आराधना, घर-घर गूंजे जयकारे और हुए कन्या भोज।

उझानी बदांयू 19 अक्टूबर।

सोमवार को शारदीय नवरात्र के नौवें और अंतिम दिन महानवमी पर माँ सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा अर्चना की गई। सुबह से लेकर दोपहर तक नगर के सभी देवी मंदिरों में पूजा अर्चना का सिलसिला चलता रहा। नवरात्रि का अंतिम दिन होने से मंदिरों में आस्था की बयार बहती रही।

माता रानी की भक्ति के लिए नवरात्र से ज्यादा उत्तम दिन नहीं हैं। इसलिए पिछले नौ दिनों से शहर के प्रमुख देवी मंदिरों पर भक्तों का तांता लगा रहा। महानवमी पर श्रद्धालुओं ने मइया को जल, पुष्प, नारियल, चुनरी और हलुआ-चना का भोग चढ़ाकर मनोकामना पूर्ति की कामना की।

दिनभर पूजा अर्चना के बाद शाम को भी देवी मंदिरों पर हवन-पूजन और आरती का आयोजन किया गया। नगर के माँ संतोषी कृपा मंदिर कछला रोड, शीतला माता मंदिर, बडी माता मंदिर, छोटी माता मंदिर,काली मंदिर सहित सभी देवालयों पर माँ की विशेष कृपा प्राप्त करने हेतु भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। माँ संतोषी कृपा मंदिर पर तो सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही।

महानवमी के अवसर पर नगर में कई घरों में कन्या भोज का भी आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने नौ कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनके पैर धोए, तिलक किया, भोजन कराया और दक्षिणा देकर आशीर्वाद लिया। कन्या भोज के साथ ही कई परिवारों में हवन पूजन कर नवरात्रि व्रत का पारण किया गया।

मंदिरों में जगह-जगह माँ अम्बे के भक्ति गीतों की गूंज दिनभर सुनाई देती रही। मइया के विशेष श्रृंगार के दर्शन के लिए देर रात तक भक्तों का आना-जाना लगा रहा।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.