बोलेनो कार के लिए विवाहिता पर सितम, पति समेत 10 पर मुकदमा
केशव गुप्ता
उसहैत में दहेज उत्पीड़न का मामला, मारपीट, जलाने की कोशिश और तमंचा दिखाकर धमकाने के आरोप
बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। विवाहिता ने पति नसरुद्दीन समेत ससुराल पक्ष के 10 लोगों पर दहेज में बोलेनो कार मांगने, मारपीट करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सात धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के मुताबिक, उसकी शादी 11 मई 2022 को बरेली निवासी नसरुद्दीन से हुई थी। मायके पक्ष ने शादी में सात तोला सोना और पौन किलो चांदी के आभूषण दिए थे। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल वाले बोलेनो कार की मांग करने लगे और मांग पूरी न होने पर उसे भूखा-प्यासा रखकर पीटा गया।
विवाहिता ने आरोप लगाया कि बेटे के जन्म के बाद भी उत्पीड़न जारी रहा। जिठानी ने पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे बचा लिया। पीड़िता ने हनीफ पर तमंचा दिखाकर धमकाने और छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया। ससुराल वालों ने कथित तौर पर उसे केवल पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह के अनुसार, शिकायत पर पति समेत 10 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com