8:38 pm Sunday , 18 October 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव में हरे पेड़ों पर लकड़ी माफिया का ‘आरा’, बनेई में शीशम के 3-4 पेड़ काटे

बिना अनुमति कटान से वन विभाग में हलचल, लकड़ी कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज; चर्चा है कि दो दिन पहले नगर में भी हुआ पेड़ों का कटान

कुंवरगांव। क्षेत्र में हरे पेड़ों के अवैध कटान को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। बनेई गांव में किसान के खेत से शीशम के तीन-चार हरे पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुगरैय्या निवासी फहीम ने किसान समीरुल हसन की जानकारी और वन विभाग की अनुमति के बिना पेड़ों को काट दिया। चर्चा यह भी है कि करीब दो दिन पहले नगर कुंवरगांव में भी पेड़ों का कटान हुआ था। हालांकि, नगर में हुई घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बताया गया कि शनिवार रात बनेई गांव में पेड़ों का कटान किया गया। सोमवार सुबह जानकारी होने पर किसान ने वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने काटी गई लकड़ी को कब्जे में ले लिया। वन दरोगा आदित्य गंगवार और राम सिंह ने बताया कि मामले में उत्तर प्रदेश वृक्ष संरक्षण अधिनियम की धारा 4/10 के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

किसान समीरुल हसन ने थाना पुलिस को भी तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी फहीम को हिरासत में लिया है। वन दरोगा आदित्य गंगवार ने आरोप लगाया कि फहीम ने फोन पर उनसे अभद्रता की, जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई है। आरोपी के खिलाफ पहले भी कार्रवाई होने की बात कही जा रही है। ऐसे में क्षेत्र में कथित अवैध कटान पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
वन क्षेत्राधिकारी विकास वरुण ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अब देखना होगा कि बनेई के मामले में कार्रवाई के साथ नगर कुंवरगांव में कथित तौर पर हुए कटान की भी जांच होती है या नहीं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.