उझानी -बाइक को बचाने में अनियंत्रित होकर पलटा ई-रिक्शा, 4 साल की मासूम की मौत, दो घायल।
उझानी – बदायूं, 18 अक्टूबर।
कोतवाली क्षेत्र में बदायूं-दिल्ली राजमार्ग पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 4 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक समेत 2 वर्षीय बच्ची घायल हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार जनपद संभल के थाना बहजोई क्षेत्र के कमालपुर गांव निवासी सीमा पत्नी नरेंद्र अपने बच्चों के साथ जनपद बदायूं के थाना उझानी क्षेत्र के पालपुर गांव में अपने मायके आई हुई थीं। रविवार को वह ई-रिक्शा से वापस अपने गांव कमालपुर जा रही थीं।
ई-रिक्शा उनका भाई सूरजपाल पुत्र रामवीर चला रहा था। बताते हैं कि ई-रिक्शा जैसे ही थाना उझानी क्षेत्र में बदायूं-दिल्ली राजमार्ग पर विमला हरि भगवान स्कूल के पास पहुंचा, तभी सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे में ई-रिक्शा चला रहा सूरजपाल, उसकी दो वर्षीय भतीजी करिश्मा पुत्री ओमपाल और 4 वर्षीय भांजी गुंजन पुत्री नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तुरंत उझानी सीएचसी लाया गया।

जहां चिकित्सकों ने 4 वर्षीय मासूम गुंजन को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सूरजपाल और 2 वर्षीय करिश्मा का प्राथमिक उपचार किया गया।
मासूम गुंजन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com